TIO इंदौर
क्राइम ब्रांच ने किया बड़ा खुलासा; 40 से 70 वर्ष के सिंगल लोगों को बनाते थे निशाना – रतलाम और गुजरात से दबोचे गए दो नए आरोपी
इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने शहर में ऑनलाइन ठगी कर अवैध लाभ अर्जित करने वाले संगठित गिरोहों के विरुद्ध बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशानुसार, क्राइम ब्रांच ने एक 59 वर्षीय महिला से हुई 1 करोड़ 60 लाख रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी के जटिल मामले का पर्दाफाश किया है। इस प्रकरण में पूर्व में गिरफ्तार 17 आरोपियों के अतिरिक्त, हाल ही में सौरभ सिंह (वापी, गुजरात) और पतरस कुमार उर्फ केलिस (फिरोजपुर सिटी, पंजाब) को गिरफ्तार किया गया है, जिससे कुल गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 19 हो गई है। क्राइम ब्रांच को NCRP पोर्टल (1930) पर मिली शिकायत के अनुसार, अज्ञात ठगों ने फरियादी महिला को स्काइप/व्हाट्सएप वीडियो कॉल के माध्यम से सीबीआई, आरबीआई, पुलिस आदि का अधिकारी बताकर मनी लॉन्ड्रिंग केस में जेल जाने का डर दिखाया। इस दबाव में फरियादी की निजी और बैंकिंग जानकारी हासिल कर, जांच के नाम पर ₹1.60 करोड़ की राशि ऑनलाइन ठग ली गई थी। क्राइम ब्रांच की स्पेशल टीम की जांच में इस साइबर अपराध के राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय कनेक्शन सामने आए हैं। गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया कि लाओस देश में एक विदेशी गिरोह संगठित रूप से डिजिटल अरेस्ट और इंवेस्टमेंट फ्रॉड जैसे साइबर अपराधों को अंजाम दे रहा है। जांच में यह भी ज्ञात हुआ है कि गिरोह सोशल मीडिया एवं डेटिंग ऐप्स के माध्यम से प्रोफाइल चेक कर विशेष रूप से 40 से 70 वर्ष के सिंगल महिलाओं एवं पुरुषों को निशाना बनाता था। गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया है कि उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के नाम से 350 से अधिक सिमकार्ड ठग गैंग को उपलब्ध कराए, और आरोपी पतरस कुमार और सौरभ सिंह के माध्यम से ये सिमकार्ड लाओस देश में भी भेजे जाते थे। आरोपियों से विस्तृत पूछताछ और पुलिस रिमांड के आधार पर प्रकरण में विवेचना जारी है, जिसके तहत अपराध धारा 318(4), 308(2), 316(5), 111(4), 3(5) BNS के तहत अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। :: साइबर सुरक्षा एडवाइजरी :: इंदौर पुलिस आमजन को सतर्क करते हुए सलाह देती है कि कोई भी सरकारी एजेंसी वीडियो कॉल या व्हाट्सएप पर पूछताछ या गिरफ्तारी नहीं करती है। अज्ञात व्यक्ति द्वारा स्वयं को सरकारी अधिकारी बताए जाने पर भरोसा न करें और तत्काल 1930/NCRP पोर्टल या इंदौर पुलिस साइबर हेल्पलाइन नंबर 7049124445 पर संपर्क करें।







