TIO मोहाली

मोहाली में कत्ल किए गए कबड्डी प्लेयर राणा बलाचौरिया के पिता कंवर राजीव सिंह ने कहा कि जिस दिन हत्या हुई, वह सबसे मिलकर गया था। वह बाहर का खाना पसंद नहीं करता था, फिर भी सबको साथ लेकर नवांशहर से खाना खिलाकर लाया।
मोहाली जाते वक्त मुझसे, मां, बहन और पत्नी से मिलकर गया। इसके बाद कभी लौटकर नहीं आया। उसकी कत्ल से 10 दिन पहले ही शादी हुई थी। अभी तो शादी की मिठाई भी घर के अंदर पड़ी है। छोटी उम्र में बेटे को जुदा कर दिया गया।
पिता ने बंबीहा गैंग के गैंगस्टर डोनी बल के दावों को भी खारिज किया कि राणा गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और जग्गू भगवानपुरिया के लिए काम कर रहा था। उन्होंने कहा कि सिर्फ बदनाम करने और अपना नाम चमकाने की कोशिश है।
मेरे बेटे के मर्डर को पंजाबी सिंगर मूसेवाला की हत्या से जोड़ने की बात भी इसी का हिस्सा है, ताकि गैंगस्टरों को मशहूरी मिले। मैं भी सोचता हूं कि इसके बारे में बोलेंगे तो उन्हें ही ज्यादा पब्लिसिटी मिलेगी। हमारा तो जो नुकसान होना था, वह हो गया, लेकिन हम नहीं चाहते कि किसी और को इस तरह का नुकसान उठाना पड़े।







